लुधियाना , मई 21 -- पंजाब में लुधियाना स्थित गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी के छात्र कल्याण निदेशालय की एनएसएस इकाई ने एक्ट ह्यूमेन सोसायटी के सहयोग से साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों को साइबर अपराध और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े खतरों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल ने गुरुवार को कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने कहा कि कई शिक्षित लोग भी साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं, इसलिए जागरूकता, सतर्कता और जिम्मेदार ऑनलाइन व्यवहार बेहद जरूरी है।
छात्र कल्याण निदेशक डॉ. आर. एस. औलख ने एक्ट ह्यूमेन सोसायटी द्वारा दिव्यांग सहायता, पर्यावरण संरक्षण, करियर काउंसलिंग, जरूरतमंदों के लिए चिकित्सा सहायता और कैंसर जागरूकता जैसे क्षेत्रों में किये जा रहे कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता तरुण मल्होत्रा, संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, साइबर स्प्लंक एंड साइबर अकादमी ने साइबर जागरूकता और डिजिटल सुरक्षा पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए प्रतिभागियों को डेटा सुरक्षा और ऑनलाइन सुरक्षा बढ़ाने के उपाय बताये। उन्होंने फिशिंग की पहचान, मजबूत पासवर्ड बनाने और व्यक्तिगत जानकारी को सुरक्षित रखने के व्यावहारिक तरीके भी साझा किये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित