लुधियाना , सितंबर 11 -- पंजाब में गुरु अंगद देव वेटरनरी एवं एनिमल साइंसेज विश्वविद्यालय में 18 और 19 सितंबर को दो दिवसीय पशु पालन मेला आयोजित किया जायेगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल ने शुक्रवार को बताया कि इस बार मेले का मुख्य विषय 'जैव सुरक्षा को मजबूत करें- पशु रोगों से बचाव करें' है, जिसमें पशुपालकों को पशु रोगों की रोकथाम और जैव सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जायेगा। मेले में पशुपालकों को वैज्ञानिक पशु प्रबंधन, लाभकारी डेयरी, मत्स्य और मुर्गी पालन संबंधी तकनीकों की जानकारी दी जायेगी। किसान विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याओं का समाधान भी प्राप्त कर सकेंगे। विश्वविद्यालय की उन्नत नस्ल की गाय, भैंस, बकरी और मुर्गियों का प्रदर्शन तथा डेयरी, बकरी, सूअर, मछली और मुर्गी पालन संबंधी साहित्य भी उपलब्ध कराया जायेगा।
विश्वविद्यालय के विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. रविंदर सिंह ग्रेवाल ने बताया कि मेले में 100 से अधिक कंपनियां भाग लेंगी। पशुपालकों के लिए मास्टाइटिस, परजीवी, दूध, चारा और नाइट्रेट विषाक्तता की नि:शुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। खनिज मिश्रण, यूरोमिन लिक और बाईपास फैट सहित विश्वविद्यालय निर्मित उत्पाद रियायती दरों पर मिलेंगे। इस अवसर पर पशुपालन, मुर्गी पालन और मूल्यवर्धित उत्पादों के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को मुख्यमंत्री पुरस्कार भी प्रदान किये जायेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित