लुधियाना , अगस्त 18 -- गुरु अंगद देव पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, लुधियाना और प्योर हेल्थ फूड एंड न्यूट्रिशन (पीएचएफएन), कठुआ (जम्मू-कश्मीर) के बीच कुत्तों के आहार के वैज्ञानिक निर्माण और गुणवत्ता मूल्यांकन के लिए तकनीकी परामर्श संबंधी समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये गये हैं। यह समझौता पीएचएफएन के 'कैनिडे' ब्रांड के तहत तैयार किये जाने वाले डॉग फीड से संबंधित है।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ जेपीएस गिल ने मंगलवार को इस सहयोग का स्वागत करते हुए कहा कि यह एमओयू विश्वविद्यालय और उद्योग के बीच साझेदारी को मजबूत करने तथा वैज्ञानिक विशेषज्ञता को पालतू पशु आहार क्षेत्र की व्यावहारिक जरूरतों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सहयोग से नवाचार, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण को बढ़ावा मिलेगा।

विश्वविद्यालय की ओर से अनुसंधान निदेशक डॉ स्वर्ण सिंह रंधावा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किये, जबकि प्योर हेल्थ फूड एंड न्यूट्रिशन की ओर से सुमित केडिया ने हस्ताक्षर किये। इस अवसर पर डॉ. ओपिंदर सिंह, डॉ. आर.एस. ग्रेवाल, डॉ. एसपीएस घुम्मन, डॉ. एनके सिंह और विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। पांच वर्ष की इस तकनीकी परामर्श साझेदारी का वित्तीय मूल्य लगभग 18.3 लाख रुपये है।

पशु पोषण विभाग के प्रमुख डॉ. जे.एस. हुंडल ने कहा कि इस सहयोग के माध्यम से आहार निर्माण और पोषण गुणवत्ता के वैज्ञानिक ज्ञान का इस्तेमाल पिल्लों और वयस्क कुत्तों के लिए संतुलित, पौष्टिक और किफायती आहार विकसित करने में किया जाएगा। इससे अनुसंधान और पालतू पशु आहार उद्योग के बीच संबंध भी मजबूत होंगे।

समझौते के तहत वेटरनरी यूनिवर्सिटी विभिन्न श्रेणियों के कुत्तों के लिए आहार के फार्मूले उपलब्ध कराएगी तथा अपनी प्रयोगशाला सुविधाओं के माध्यम से आहार सामग्री और तैयार उत्पादों का मूल्यांकन करेगी। विश्वविद्यालय की विशेषज्ञ टीम पीएचएफएन को तकनीकी मार्गदर्शन देने के साथ-साथ उसकी विनिर्माण इकाई का दौरा भी करेगी।

विश्वविद्यालय के अनुसार यह समझौता उद्योग और अकादमिक क्षेत्र के बीच सहयोग को मजबूत करने के साथ पशु पोषण संबंधी विशेषज्ञता को वैज्ञानिक रूप से तैयार, पोषण की दृष्टि से उपयुक्त और गुणवत्तापूर्ण पालतू पशु आहार उत्पादों में बदलने में मदद करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित