लुधियाना , जून 16 -- गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी (वेट वर्सिटी) ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (आईआईआरएफ ) रैंकिंग-2026 में लगातार दूसरे वर्ष देश की राज्य स्तरीय पशु चिकित्सा विश्वविद्यालयों में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय को पशु चिकित्सा एवं मत्स्य पालन क्षेत्र की सभी संस्थाओं में राष्ट्रीय स्तर पर पांचवां स्थान मिला है।

यह उपलब्धि पशु चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और विस्तार सेवाओं के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की उत्कृष्टता को दर्शाती है। विश्वविद्यालय पशु स्वास्थ्य, पशुधन उत्पादन, डेयरी, मत्स्य पालन तथा संबद्ध विज्ञानों के क्षेत्र में अग्रणी संस्थान के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ जे.पी.एस. गिल ने मंगलवार को विश्वविद्यालय के शिक्षकों, वैज्ञानिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, पूर्व छात्रों और अन्य हितधारकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह रैंकिंग विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता और पशुधन क्षेत्र के विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

डॉ गिल ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। शिक्षण, अनुसंधान और विस्तार गतिविधियों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन ने विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत किया है। उन्होंने बताया कि वेट वर्सिटी ने नवाचार आधारित अनुसंधान, आधुनिक शैक्षणिक एवं प्रयोगशाला ढांचे के विकास तथा उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करने में अग्रणी भूमिका निभाई है। किसानों और पशुपालकों की समस्याओं के व्यावहारिक समाधान के लिए वैज्ञानिक तकनीकों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के प्रयासों को भी राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

कुलपति ने कहा कि यह सम्मान विश्वविद्यालय को शिक्षा, अनुसंधान और जनसेवा के क्षेत्र में नयी ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि संस्थान भविष्य में भी नवाचार को बढ़ावा देने, कुशल पेशेवर तैयार करने तथा टिकाऊ पशुधन उत्पादन, पशु स्वास्थ्य और ग्रामीण समृद्धि के लिए नई तकनीकों के विकास में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित