चंडीगढ़ , जून 16 -- पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने मंगलवार को बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार बुजुर्गों को सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

डॉ. कौर ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की नींव और अनुभव का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, इसलिए उनका सम्मान और देखभाल सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान गैर-सरकारी संगठनों द्वारा संचालित 15 वृद्धाश्रमों के सुचारु संचालन के लिए 4.10 करोड़ रुपये की अनुदान राशि जारी की गयी है। इस राशि से वृद्धाश्रमों में रहने वाले बुजुर्गों के लिए बेहतर आवास, पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि राज्य में कुल 26 वृद्धाश्रमों का पंजीकरण किया गया है, ताकि बुजुर्गों को सुरक्षित, संरक्षित और गरिमापूर्ण वातावरण मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि बुजुर्गों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार, उपेक्षा या शोषण की शिकायत के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन 14567 शुरू की गयी है, जिस पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाता है।

डॉ. कौर ने कहा कि समाज की प्रगति का वास्तविक मापदंड यह है कि वह अपने बुजुर्गों के साथ कैसा व्यवहार करता है। उन्होंने दोहराया कि पंजाब सरकार वरिष्ठ नागरिकों की गरिमा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित