जौनपुर , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महा अभियान के तहत जौनपुर जिले में इस वर्ष 60.63 लाख वृक्ष लगाए जाएंगे, इसके लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने शनिवार को "यूनीवार्ता" को बताया कि वृक्षारोपण महाअभियान-2026 की तैयारियां कर ली गई हैं। 12 जुलाई को वृक्षारोपण महाअभियान के दृष्टिगत जनपद जौनपुर में विभागवार निर्धारित लक्ष्यों, पौधरोपण स्थलों, पौधों की उपलब्धता, गड्ढों की खुदाई, पौधों के उठान, जियो टैगिंग तथा संरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि आगामी 12 जुलाई को 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत उत्सवपूर्ण वातावरण में वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में जनपद जौनपुर को कुल 60 लाख 73 हजार 400 पौधरोपण का लक्ष्य आवंटित किया गया है।

उन्होने कहा कि संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि उन्हें आवंटित लक्ष्य के अनुरूप विभागीय कार्ययोजना तैयार करते हुए वृक्षारोपण महाअभियान को पूर्ण तैयारी, समन्वय एवं जवाबदेही के साथ संपन्न कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कृषि विभाग, पीडब्ल्यूडी विभाग सहित अधिक लक्ष्य वाले विभागों को विशेष सर्तकता और गम्भीरतापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने कहा कि पौधरोपण स्थलों का पूर्व सत्यापन, गड्ढों की तैयारी, पौधों की उपलब्धता और उठान, सिंचाई, जियो टैगिंग तथा नियमित निगरानी की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर ली जाए और इसके साथ ही कलेक्ट्रेट में इस अभियान हेतु कन्ट्रोल रूम की स्थापना भी कर ली गई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि पौधरोपण केवल लक्ष्यपूर्ति तक सीमित न रहेगा, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे के संरक्षण, सुरक्षा, सिंचाई एवं निगरानी की प्रभावी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी ताकि अभियान का वास्तविक उद्देश्य पूर्ण हो सके। उन्होंने वन विभाग को नोडल विभाग के रूप में समस्त संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अभियान की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि वृक्षारोपण के उपरांत उसकी जियो टैगिंग, फोटोग्राफी एवं प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराई जाए। ताकि अभियान की प्रभावी समीक्षा की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित