रायपुर , जुलाई 20 -- छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा है कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है और पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
श्री अग्रवाल ने सोमवार को सरगुजा जिले के लखनपुर स्थित जी.आर.ए. स्कूल, जूनाडीह में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों के साथ हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, हरियाली और सुरक्षित भविष्य की अमूल्य धरोहर है। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ मानव जीवन का आधार हैं। जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की चुनौती को देखते हुए पौधारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधा लगाने के साथ उसकी देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है।
श्री अग्रवाल ने विद्यार्थियों से कहा कि युवा पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि प्रत्येक विद्यार्थी हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में व्यापक बदलाव संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहने तथा अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि हरित वातावरण स्वस्थ समाज की पहचान है। वृक्षारोपण से पर्यावरण संरक्षण के साथ जैव विविधता, जल स्रोतों के संवर्धन और प्राकृतिक संतुलन को भी मजबूती मिलती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित