सहारनपुर , जून 05 -- सहारनपुर नगर निगम के महापौर अजय कुमार सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला जनअभियान होना चाहिए। प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का दायित्व भी निभाना चाहिए, तभी पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सकेगा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे "विश्वास, विकास एवं जनकल्याण" अभियान के अंतर्गत गुरुवार को महानगर के सभी मंडलों में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह अभियान पांच जून से 21 जून तक विभिन्न जनजागरण एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से संचालित किया जाएगा।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, नगर विधायक राजीव गुंबर, महापौर अजय कुमार सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री के आह्वान पर "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
महापौर अजय कुमार सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज वैश्विक आवश्यकता बन चुका है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के बीच वृक्षारोपण ही भविष्य को सुरक्षित बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत है। वृक्ष न केवल प्रकृति का संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि स्वच्छ वायु, शुद्ध जल और स्वस्थ जीवन का आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और हरित वातावरण प्रदान करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को इस अभियान से जुड़ना चाहिए।
नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण को देश में जनआंदोलन का स्वरूप मिला है। "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण का अनूठा संगम है। यह अभियान लोगों को अपनी मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी सेवा, सुशासन और पर्यावरण संरक्षण के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है तथा जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित