मथुरा , मार्च 3 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा के वृंदावन क्षेत्र में पंजाब पुलिस ने मंगलवार को छापा मार कर एक फ्लैट से ठग दंपति को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुनरख रोड स्थित हरे कृष्णा आर्किड कॉलोनी के बी-812 फ्लैट रहने वाले सौरभ गुप्ता और उसकी पत्नी प्रगति गुप्ता पर पंजाब के कई शहरों में लोगों को विदेश भेजने, वीजा लगवाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है। इसी मामले में दोनों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि यह दंपती लंबे समय से कबूतरबाजी के गोरखधंधे में लिप्त था और पुलिस की नजर से बचने के लिए वृंदावन में आकर छिपकर रह रहा था। केवल कनाडा ही नहीं अपितु दुबई, यूएई, मलेशिया सिंगापुर आदि जगह का भी वर्क वीसा लगाना भेजना शामिल है ।

विश्वस्त सूत्र से ज्ञात हुआ कि साथ ही यह बिना वैध लाइसेंस के हरे कृष्ण आर्किड मैं फ्लैट किराए पर लेकर होटल के रूप मैं चला रहा था। बारह कमरों की चाबी आज इससे पुलिस ने जब्त की है। ग्राहकों को आईडी बिना ठहराया जाता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि वृंदावन में बड़ी संख्या में ऐसे लोग आकर रह जाते हैं, जो देश के विभिन्न राज्यों में ठगी और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहते हैं। पुलिस कार्रवाई से यह बात फिर उजागर हो गई कि धार्मिक नगरी को अपराधियों ने छिपने का ठिकाना बना रखा है।

दोनों हरे कृष्णा आर्किड के बी-ब्लॉक स्थित फ्लैट नंबर 812 में पिछले ढाई साल से रह रहे थे। जनवरी माह में ही पंजाब के मलेरकोटला थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपित वृंदावन स्थित अपने फ्लैट से कनाडा भेजने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर मोटी रकम वसूल रहे थे। कार्रवाई के लिए पहुंची पंजाब पुलिस की टीम ने दबिश देकर दोनों को हिरासत में लिया। विधिक प्रक्रिया के तहत मथुरा में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। इसके बाद आरोपितों को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर ले जाने की तैयारी है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों और संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित