नयी दिल्ली , फरवरी 08 -- दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने रविवार को बहुप्रतीक्षित द स्टेट्समैन विंटेज एंड क्लासिक कार रैली के 59वें आयोजन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली यहां बाराखंभा रोड पर स्टेट्समैन हाउस से शुरू हुई। इस अवसर पर कार प्रेमी अपनी-अपनी पुरानी शानदार गाड़ियों को लेकर रैली के लिए वहां मौजूद थे। द स्टेट्समैन विंटेज एंड क्लासिक कार रैली एक वार्षिक समारोह है जिसका दिल्ली और कोलकाता में आयोजन होता है। यह भारत और उपमहाद्वीप में सबसे पुराने लगातार चलने वाली स्पर्धाओं में से एक है।

रैली की शुरूआत 1964 में दिल्ली में हुई थी । रैली में हिस्सा लेने वाली मशहूर विंटेज और क्लासिक कारों में 1936 रोल्स रॉयस, 1926 स्टडबेकर एर्स्किन, 1906 रेनॉल्ट रेरेस, 1935 राइटक्राफ्ट, और 1938 मर्सिडीज, 1937 वोल्सेली, 1932 बेबी ऑस्टिन, 1938 एडलर, 1937 डॉज, 1929 ऑस्टिन 7 टूरर, 1919 सिट्रोएन टॉरपीडो, 1913 स्टोवर, 1912 स्टैंडर्ड कोवेंट्री और कई अन्य कारें शामिल हैं।

रैली के 59वें आयाेजन में 100 से अधिक गाड़ियां हिस्सा ले रही हैं। इस स्पर्धा का मुख्य आकर्षण विंटेज और क्लासिक कारों का जमावड़ा है, जिसे बाद में शहर में चलाया जाता है जहां कारों की मौलिकता और सड़क पर उनके प्रदर्शन का आकलन किया जाता है। एक शानदार परेड और लाइव संगीत होता है।

रोल्स रॉयस, बेंटले, रेल म्यूज़ियम की 1914 जॉन मॉरिस फायर इंजन, छोटी विंटेज और क्लासिक कारें, और बाहर से आई कारें इस साल के कार्यक्रम की कुछ खास बातें होंगी।

हिस्सा लेने वाली विंटेज और क्लासिक कारें दोपहर एक बजे इंडिया गेट के पास मेजर ध्यान चंद नेशनल स्टेडियम पहुंचेंगी। पुरस्कार वितरण समारोह मेजर ध्यान चंद नेशनल स्टेडियम में दोपहर साढ़े तीन बजे होगा। गाड़ियों के मालिक हर साल इस रैली का बेसब्री से इंतजार करते हैं क्योंकि यह उन्हें पुराने जमाने की अपनी अच्छी तरह से मेंटेन की गई मशीनों को आज की सड़कों पर चलाने का एक अनोखा मौका देती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित