मुंबई , अगस्त 11 -- अभिनेता वीर पहाड़िया ने कर्नाटक के प्रसिद्ध कोल्लूर मूकांबिका मंदिर में दर्शन कर देवी मां का आशीर्वाद लिया और अपनी आध्यात्मिक यात्रा की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं।मंदिर की परंपरा के अनुरूप पारंपरिक परिधान में नजर आ रहे वीर सफेद धोती और अंगवस्त्र पहने हुए हैं। उन्होंने श्रद्धापूर्वक मां मूकांबिका के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और मंदिर के विभिन्न अनुष्ठानों में हिस्सा लिया।
अपनी यात्रा की तस्वीरें साझा करते हुए वीर ने लिखा, "तीन शक्तियां, एक रूप. शक्ति में महाकाली, कृपा में महालक्ष्मी और ज्ञान में महासरस्वती। जय मां मूकांबिका।"कर्नाटक के कोल्लूर में स्थित मूकांबिका मंदिर देवी मूकांबिका को समर्पित है। यहां देवी को महाकाली, महालक्ष्मी और महासरस्वती के तीन स्वरूपों के संयुक्त रूप में पूजा जाता है। वीर की इस आध्यात्मिक यात्रा ने उनके प्रशंसकों को उनकी आस्था और भारतीय परंपराओं से जुड़ाव की झलक दी है।
वीर पहाड़िया ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत अक्षय कुमार और सारा अली खान के साथ फिल्म 'स्काई फोर्स' से की थी। वह जल्द ही 'नाम- टू लिव इज़ वॉर' में नजर आएंगे। महेश भट्ट प्रस्तुत इस डार्क एक्शन थ्रिलर फिल्म में वरुण शर्मा भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। फिल्म का निर्देशन सिद्धांत सचदेव ने किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित