आइची नागोया , सितम्बर 23 -- भारत के वीर चोटरानी, अभय सिंह और तन्वी खन्ना एशियाई खेलों की स्क्वैश प्रतियोगिता के एकल वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुँच गए हैं।

वीर चोटरानी ने शामिल वकील को 3-0 (11-8, 11-3, 11-3) से हराकर मेंस सिंगल्स प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

उनकी जीत के साथ ही भारत के स्क्वैश खिलाड़ियों की तीन मैचों में तीन जीत हो गईं हैं। इससे पहले अभय सिंह और तन्वी खन्ना ने भी अपने शुरुआती मैच सीधे गेम में जीते थे।

एशियन गेम्स मेडलिस्ट और जूनियर वर्ल्ड चैंपियन अनाहत सिंह को शुरुआती राउंड में 'बाई' मिला और वह कल प्री-क्वार्टर फाइनल से अपना अभियान शुरू करेंगी।

तन्वी खन्ना ने रिपब्लिक ऑफ कोरिया की किम दामी पर 3-0 (11-5, 11-7, 11-5) की आसान जीत हासिल की। वह कल राउंड ऑफ 16 में सिंगापुर की वाई यैन औ योंग का सामना करेंगी।

एशियन गेम्स मेडलिस्ट अभय सिंह ने थाईलैंड के अरकाराडेट अरकाराहिरुन्या को 3-0 से आसानी से हराकर मेंस सिंगल्स के राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई। भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी ने मैच में अपना दबदबा बनाए रखा और पूरे मैच में सिर्फ तीन प्वाइंट गंवाए। उन्होंने 11-1, 11-0, 11-2 से जीत हासिल की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित