पटना , जुलाई 14 -- बिहार ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने मंगलवार को बताया कि विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जी राम जी) योजना में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मजदूरी मद में 1307 करोड़ 53 रुपये की मंजूरी और व्यय की स्वीकृति मिली है। मंत्री श्री कुमार ने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि वीबी-जी राम जी योजना- 2025 के तहत वीबी-जी राम जी योजना-2026 का कार्यान्वयन किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत प्रत्येक ग्रामीण परिवार, जिसके वयस्क सदस्य अकुशल शारीरिक श्रम करने के इच्छुक हैं, ऐसे लोगों को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों की विस्तारित सांविधिक मजदूरी रोजगार गारंटी प्रदान करना है। यह योजना राज्य के समस्त ग्रामीण क्षेत्रों पर लागू होगी। इसका मुख्य लक्ष्य विकसित भारत@ 2047 के दृष्टिकोण के अनुरूप ग्रामीण विकास के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और आजीविका सुरक्षा प्रदान करना है। योजनान्तर्गत केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार के बीच लागत-साझेदारी का अनुपात 60:40 है।
मंत्री ने कहा कि योजना कार्यान्वयन के लिए 924 करोड़ 20 लाख रुपये की राशि को एसएनए स्पर्श के तहत स्वीकृत दी गई है।
विभागीय मंत्री ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्य सभा सांसद नीतीश कुमार के बिहार विकास पथ के दृढ संकल्प को अनवरत जारी रखते हुए राज्य के गरीब जनता, मजदूरों के हित में पैसों की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मजदूरों को राज्य के अन्दर ही रोजगार मुहैया कराने के लिए बिहार सरकार दृढ संकल्पित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित