जयपुर , जुलाई 14 -- राजस्थान के प्रसिद्ध उद्योगपति और वीणा म्यूजिक (वीणा कैसेट्स) के संस्थापक केसरी चंद्र मालू का सोमवार देर रात यहां ह्रदयाघात से निधन हो गया।
वह करीब 80 वर्ष के थे। चूरू जिले के सुजानगढ़ में जन्मे श्री मालू का राजस्थानी भाषा, लोकसंगीत और लोक कलाकारों के लिए उल्लेखनीय योगदान रहा। उन्होंने वीणा कैसेट्स के माध्यम से पांच हजार से अधिक राजस्थानी लोकगीतों को संरक्षित किया। घूमर, 'चीरमी, और कांगसियो जैसे प्रसिद्ध एल्बमों के माध्यम से उन्होंने कई नये कलाकारों को मंच प्रदान किया।
उन्होंने 1987 के अकाल के दौरान जयपुर में लता मंगेशकर नाइट का आयोजन करके राहत कार्यों के लिए एक करोड़ रुपए जुटाये। श्री मालू राजस्थानी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने के आंदोलन में भी भाग लिया।
कला और संस्कृति के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें राजस्थान रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित