जयपुर , अप्रैल 11 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो सन्देश के माध्यम से सोमवार को जयपुर में 'माय भारत बजट क्वेस्ट 2026' कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करेंगे।
राज्य के युवा मामले एवं खेल विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता शनिवार को यहां प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कार्यक्रम में 'माय भारत बजट क्वेस्ट 2026' कार्यक्रम के विजेताओं से संवाद करेंगे।
श्री गुप्ता ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं केन्द्रीय खेल मंत्रालय द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुसार 12 अप्रैल को दोपहर में महिला प्रतिभागियों के लिए समर्पित 'महिला युवा संसद' आयोजित की जाएगी। शाम को मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी), जयपुर में भारतीय खेल प्राधिकरण के सहयोग से 'संडेज ऑन साइकिल' पहल आयोजित होगी जो 'फिट भारत, विकसित भारत' का संदेश देगी। इस दो दिवसीय 'विकसित भारत यूथ डायलॉग' के आयोजन का फिनाले 13 अप्रैल को प्रातः नौ बजे से सायं सवा पांच बजे तक राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर जयपुर में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल को 'विकसित भारत यूथ डायलॉग' कार्यक्रम की शुरुआत उद्घाटन समारोह से होगी, जिसके बाद 'माय भारत सत्र' एवं दो विशेषज्ञ पैनल चर्चाएं आयोजित की जायेगी। इस कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ. प्रेम चन्द्र बैरवा समेत राज्य सरकार में युवा मामले एवं खेल विभाग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि केन्द्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालयके तत्वावधान में 'मेरा युवा भारत द्वारा 'माय भारत बजट क्वेस्ट 2026' (ज़ोन 14 - राजस्थान) के विजेता प्रतिभागियों के साथ 'राजस्थान यूथ डायलॉग' कार्यक्रम का आयोजन 12 एवं 13 अप्रैल को किया जा रहा है।
गत एक से 22 फरवरी तक देशभर में 'माय भारत बजट क्वेस्ट 2026' का आयोजन ऑनलाइन माध्यम से माय भारत पोर्टल पर किया गया। इस प्रतियोगिता में यूनियन बजट 2026 से संबंधित क्विज आयोजित की गई, जिसमें राजस्थान राज्य के 75 हजार 591 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
श्री गुप्ता ने बताया कि क्विज राउंड से चयनित 3453 प्रतिभागियों ने निबंध चरण में भाग लिया, जिनमें से लगभग 984 प्रतिभागियों का राज्य स्तरीय 'विकसित भारत यूथ डायलॉग' के लिए चयन किया गया। इन प्रतिभागियों में 423 महिला एवं 561 पुरुष शामिल हैं। साथ ही प्रत्येक जिले से 100-100 प्रतिभागी वर्चुअल रूप से (स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, स्टार्टअप, कृषि एवं तकनीकी क्षेत्र से) जुड़ेंगे।
उन्होंने बताया कि देश में इस कार्यक्रम में 12 लाख से अधिक युवाओं ने भागीदारी की तथा 46 हजार 500 से अधिक निबंध प्राप्त हुए। इस प्रकार यह कार्यक्रम देश के सबसे बड़े युवा नीति संवाद मंच के रूप में विकसित हुआ है। जयपुर में चयनित प्रतिभागी 'भारत को वैश्विक उद्यमिता केंद्र के रूप में विकसित करना' तथा 'मानव पूंजी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार' जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे।
यह ऐतिहासिक कार्यक्रम उन प्रतिभाशाली युवाओं को एक मंच प्रदान करता है, जिन्होंने बहु-चरणीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता को पार कर अंतिम चरण में स्थान प्राप्त किया है। यह दो दिवसीय आयोजन शिक्षाविदों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों एवं विषय विशेषज्ञों को एक साथ लाकर केंद्रीय बजट 2026 से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श का अवसर प्रदान करेगा।
देशभर के 17 स्थानों पर 15 हजार से अधिक युवा इस प्रक्रिया का हिस्सा बन रहे हैं, जो भारत की 'अमृत पीढ़ी' के उत्साह और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह पीढ़ी न केवल राष्ट्र की उत्तराधिकारी है, बल्कि उसके भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित