चेन्नई , जुलाई 16 -- भ्रष्टाचार के प्रति सख्त रुख का संदेश देते हुए तमिलनाडु पुलिस ने सत्ताधारी तमिलगा वेट्री कषगम (टीवीके) के एक पदाधिकारी को 1.30 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
यह गिरफ्तारी तब हुई जब इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद टीवीके के चेंगलपट्टू पूर्व जिला संयुक्त सचिव वीरा उर्फ वीरासामी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया। उसके बाद वीरसामी को देर शाम गिरफ़्तार कर लिया गया। उन पर आरोप था कि उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों के लंबित बिलों को मंज़ूरी दिलाने के बदले एक ठेकेदार से 1.30 लाख रुपये लिए थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह गिरफ़्तारी मुख्यमंत्री और टीवीके के संस्थापक विजय के निर्देशों पर की गयी, जो भ्रष्टाचार मिटाने का वादा करके सत्ता में आये थे।
टीवीके जिला इकाई के अनुसार वीरासामी के खिलाफ यह कार्रवाई पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करने और पार्टी के सिद्धांतों के खिलाफ काम करने के लिए की गयी, जिससे संगठन की बदनामी हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित