जयपुर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान में जयपुर में विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी (वीजीयू), जयपुर के विधि विभाग की ओर से आयोजित चतुर्थ आर.के. रस्तोगी मेमोरियल संधिवार्ता प्रतियोगिता का शनिवार को विश्वविद्यालय के मुख्य सभागार में शुभारंभ हुआ।

आयोजकों ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर के प्रमुख विधि संस्थानों, राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों और विधि संकायों की 60 टीमें शामिल हो रही हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य विधि विद्यार्थियों को बातचीत, मध्यस्थता और वैकल्पिक विवाद समाधान की व्यावहारिक प्रक्रिया से परिचित कराना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश एन.वी. अंजारिया ने कहा कि स्वामी विवेकानंद उनके पसंदीदा व्यक्तित्व हैं। ऐसे में विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए आत्मीय और हृदयस्पर्शी अनुभव है। उन्होंने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, नवाचार और मूल्यपरक शिक्षा की सराहना करते हुए कहा कि न्याय का उद्देश्य समाज में सौहार्द और आपसी सहमति स्थापित करना भी है। विधि विद्यार्थियों को पारंपरिक अदालती मुकदमेबाजी से आगे बढ़कर संवाद, आपसी समझ और सुलह के माध्यम से विवादों के समाधान की दिशा में प्रयास करना चाहिए।

राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश महेंद्र कुमार गोयल ने कहा कि अधिकतर विवादों का निपटारा अदालतों के बाहर आपसी सहमति से किया जा सकता है। संधिवार्ता विवादों के समाधान का प्रभावी माध्यम है, जिससे पक्षकारों का समय, ऊर्जा और मानसिक शांति बचती है। उन्होंने विद्यार्थियों से तार्किक सोच, धैर्य और संवेदनशीलता के साथ विवादों का समाधान करने की कला सीखने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित