आजमगढ़ , मई 22 -- वीआईपी पार्टी के संस्थापक और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने निषाद समाज को आरक्षण, सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की घोषणा की है। उन्होंने 25 जुलाई से पूरे प्रदेश में 'संकल्प यात्रा' शुरू करने का ऐलान किया। शुक्रवार को आजमगढ़ जिले में बाईपास स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद समाज लंबे समय से अपने संवैधानिक अधिकारों और आरक्षण की मांग कर रहा है, लेकिन सरकारों ने अब तक केवल आश्वासन दिए हैं। उन्होंने कहा कि अब समाज को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करना होगा।
सहनी ने कहा कि प्रस्तावित 'संकल्प यात्रा' के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता और नेता उत्तर प्रदेश के गांव-गांव, कस्बों और शहरों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे तथा निषाद समाज को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि निषाद आरक्षण की मांग केवल एक वर्ग की मांग नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समान हिस्सेदारी की लड़ाई है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं, महिलाओं और जागरूक नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
मुकेश सहनी ने कहा कि समाज की आवाज को मजबूती से सरकार तक पहुंचाया जाएगा और निषाद समाज को उसका हक दिलाने के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित