नागपुर , सितंबर 17 -- विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने महाराष्ट्र राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष प्यारे खान को नासिक रोड केंद्रीय जेल में दोषी गैंगस्टर अबू सलेम से कथित मुलाकात के मामले में पद से हटाने की मांग की है।
विहिप ने इस मुलाकात से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कराने की भी मांग की है। विहिप के एक प्रतिनिधिमंडल ने यहां जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर खान को पद से हटाने और कथित मुलाकात की विस्तृत जांच कराने की मांग की।
विहिप के अनुसार, वर्ष 1993 के मुंबई सिलसिलेवार बम विस्फोट मामले में सजा काट रहे सलेम से मुलाकात अनुचित थी और इससे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के आचरण को लेकर सवाल उठते हैं।
यह विवाद उन रिपोर्टों के बाद सामने आया कि अल्पसंख्यक आयोग की एक टीम ने नासिक रोड केंद्रीय जेल का दौरा किया और सलेम से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान सलेम ने कथित तौर पर जेल में अपनी स्थिति से जुड़े मुद्दे उठाए और समय से पहले रिहाई के अपने अनुरोध पर विचार करने की मांग की।
अल्पसंख्यक आयोग ने हालांकि, जेल के दौरे का बचाव करते हुए कहा कि ऐसी जांच उसके अधिकार क्षेत्र का हिस्सा है और इसका उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े कैदियों की शिकायतों की समीक्षा करना है।विहिप ने कहा कि सिलसिलेवार बम विस्फोट मामले में सलेम की सजा को देखते हुए उसकी समय से पहले रिहाई के अनुरोध का किसी भी तरह समर्थन स्वीकार्य नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित