कानपुर , जुलाई 24 -- विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) कानपुर प्रान्त की दो दिवसीय प्रान्त कार्य योजना बैठक 25 और 26 जुलाई को कानपुर स्थित जय नारायण विद्या मंदिर में आयोजित की जाएगी। बैठक में संगठन के आगामी अभियानों, सेवा कार्यों तथा सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी। विहिप के प्रान्त मंत्री राजू पोरवाल ने शुक्रवार को बताया कि बैठक में प्रान्त के प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष परम श्रद्धेय अशोक सिंघल की जन्मशती तथा संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर प्रान्त भर में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से दोनों महान विभूतियों के विचारों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
श्री पोरवाल ने कहा कि प्रान्त के प्रत्येक मोहल्ला स्तर पर धार्मिक, सामाजिक एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। बैठक में इन कार्यक्रमों की रूपरेखा, आयोजन की तिथियां तथा विभिन्न दायित्वों का अंतिम निर्धारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दो दिवसीय बैठक में संगठन विस्तार, सामाजिक समरसता, सेवा गतिविधियों को सुदृढ़ करने तथा युवाओं एवं महिलाओं की संगठनात्मक भागीदारी बढ़ाने जैसे विषयों पर भी विस्तार से मंथन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित