भीलवाड़ा , अक्टूबर 19 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में आगूंचा गांव में सोमवार को विस्फोटक से भरी एक पिकअप में हुए भीषण धमाके ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया।

धमाका इतना जबरदस्त था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसका इंजन करीब 10 फुट दूर जा गिरा। हादसे में बूंदी निवासी पिकअप चालक राम अवतार (35) की मौके पर ही मौत हो गई। उसका शव मलबे में दबा मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सोमवार को पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे रामदेव खटीक के बाड़े में हुई। यहां विस्फोटक से भरी पिकअप खड़ी थी। अचानक हुए जोरदार विस्फोट से बाड़े की दीवारें ढह गईं और मलबा दूर-दूर तक फैल गया। आसपास के मकानों की खिड़कियों के कांच टूटकर बिखर गए, जबकि कुछ मकानों की दीवारों में दरारें आने की जानकारी सामने आई है। धमाके की तेज आवाज सुनते ही कस्बे में अफरा-तफरी मच गई। दहशत में लोग घरों से बाहर निकल आए। सूत्रों ने बताया कि धमाके के बाद घटनास्थल पर तबाही का मंजर दिखाई दिया। मलबे में राम अवतार का शव मिला। विस्फोट और मलबे में दबने से शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची घटनास्थल को सील करके मामले की जांच शुरू कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित