भोपाल , जुलाई 28 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व हेपेटाइटिस दिवस और विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वच्छता, शुद्ध भोजन एवं पानी के उपयोग के साथ पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर अपने संदेश में कहा कि हेपेटाइटिस से बचाव के लिए दूषित भोजन और पानी के सेवन से बचना चाहिए तथा समय पर उपचार और पर्याप्त चिकित्सा आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक शुद्ध भोजन और स्वच्छ पानी का उपयोग सुनिश्चित करे तथा दूसरों को भी आवश्यक सावधानियां अपनाने के लिए प्रेरित करे।
विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध भविष्य की नींव है। उन्होंने प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन का संकल्प लेने और प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ समाज और सुरक्षित भविष्य के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण भी समान रूप से आवश्यक है तथा प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही इन उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित