चंडीगढ़ , अप्रैल 07 -- हरियाणा में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग ने राज्यभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया।
इस दौरान 99 स्वास्थ्य शिविरों में 4,251 लोगों की जांच की गई, जिनमें बच्चे, पुरुष, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल रहे।
अभियान के तहत 106 हेल्थ टॉक्स, सेमिनार और कार्यशालाएं आयोजित की गईं, वहीं 40 शैक्षणिक संस्थानों ने भाग लिया। जांच के दौरान 231 लोगों में उच्च रक्तचाप और 165 में मधुमेह के मामले सामने आए, जबकि कई लोग मोटापा और श्वसन रोगों के जोखिम में पाए गए।
कैथल जिले में सबसे अधिक 921 लोगों की जांच हुई। रोहतक, फरीदाबाद और यमुनानगर में भी सक्रिय भागीदारी रही।
सरकार ने ''वन हेल्थ'' दृष्टिकोण के तहत मानव, पशु और पर्यावरण स्वास्थ्य को जोड़ते हुए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही, वैज्ञानिक सोच अपनाने और गलत स्वास्थ्य जानकारी से बचने की अपील की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित