देहरादून , अप्रैल 07 -- विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के देहरादून के संजय ऑर्थोपीडिक, स्पाइन और मैटरनिटी सेंटर में स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा और जन-जागरूकता विषयक एक मंथन कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने राज्य सरकार की दो नई नीतियों की घोषणा करते हुए कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टर पहाड़ी क्षेत्रों में छह महीने के रोटेशन पर सेवाएं देंगे और उनके परिवार के लिए देहरादून और हल्द्वानी में आवासीय सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. बीकेएस संजय ने बताया कि भारत में प्रतिवर्ष लगभग पांच लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें 1.5 लाख से अधिक लोगों की मृत्यु होती है। उन्होंने सुझाव दिया कि सड़क सुरक्षा को राष्ट्रीय आंदोलन बनाया जाए और इसे शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए। साथ ही, एम्स संस्थानों को ''रोड सेफ्टी नॉलेज सेंटर'' के रूप में विकसित किया जाए।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद नरेश बंसल, पद्मश्री कन्हैया लाल पोखरियाल, साहित्यकार, आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. एसएन सिंह, और डॉ. गौरव संजय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और सुरक्षित, स्वस्थ और जागरूक समाज बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित