पटना , जुलाई 31 -- िश्व स्तनपान सप्ताह 2026 (1 से 7 अगस्त) के सफल आयोजन को लेकर समाज कल्याण विभाग के समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) निदेशालय ने शुक्रवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में पोषण ट्रैकर आधारित बाल पोषण संकेतकों की समीक्षा, सेवाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बेहतर प्रगति को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए आईसीडीएस निदेशक डॉ. प्रीति ने कहा कि विश्व स्तनपान सप्ताह 2026 एक अभियान ही नहीं, यह मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने निर्देश दिये कि 1 से 7 अगस्त तक राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि प्रत्येक परिवार तक यह संदेश पहुंचे कि शिशु के जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कराया जाए, जन्म से पहले छह माह तक केवल मां का दूध दिया जाए तथा दो वर्ष या उससे अधिक समय तक पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखा जाए।

उन्होंने कहा कि पोषण ट्रैकर पर केवल आंकड़े दर्ज करना पर्याप्त नहीं है। इसके साथ उपलब्ध डेटा का विश्लेषण कर समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करना ही इसकी वास्तविक सफलता है। पोषण ट्रैकर सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 के तहत विकसित एक महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, बच्चों और किशोरियों को प्रदान की जा रही सेवाओं की रियल-टाइम निगरानी की जाती है। सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को एफआरएस, एचसीएम टिक-मार्क, टीएचआर वितरण, नॉमिनी सुविधा तथा पोषण ट्रैकर पर दर्ज किए जा रहे आंकड़ों को पारदर्शी तरीके से शत-प्रतिशत निरिक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यक्रम संकेतकों की नियमित समीक्षा कर सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वस्थ एवं कुपोषण-मुक्त बिहार के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में एफआरएस, गर्भावस्था, बाल्यावस्था, पंखुड़ी, सीआरएस तथा अति कुपोषित (एसएएम) बच्चों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही पोषण ट्रैकर में समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण डेटा प्रविष्टि, पोषण सेवाओं की निगरानी तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।

मौके पर संयुक्त निदेशक भारती प्रियंवदा, सहायक निदेशक रचना सिन्हा, सहायक निदेशक माला कुमारी, प्रशिक्षण पदाधिकारी जया मिश्रा, यूनिसेफ की पोषण अधिकारी डॉ. शिवानी दर सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित