लखनऊ, 1 फरवरी 2026 (वार्ता) विश्व वेटलैंड दिवस के अवसर पर सोमवार, दो फरवरी को महावीर स्वामी वन्य जीव अभयारण्य, देवगढ़ (ललितपुर) में उप्र नेचर एण्ड बर्ड फेस्टिवल-2026 का आयोजन किया जाएगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित किया जाएगा। इस वर्ष फेस्टिवल की थीम 'वेटलैंड एंड ट्रेडिशनल नॉलेज: सेलिब्रेटिंग कल्चरल हेरिटेज' रखी गई है।

मंत्री ने कहा कि यह आयोजन प्रकृति, पर्यटन, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का उत्सव है। इसका उद्देश्य वेटलैंड, जैव विविधता और पक्षी संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में फोटो गैलरी और प्रदर्शनी/स्टॉल का उद्घाटन, कॉफी टेबल बुक तथा 'सारस शीतकालीन गणना-2025' सहित अन्य प्रचार सामग्री का विमोचन किया जाएगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन अरुण सक्सेना, राज्य मंत्री मनोहर लाल पंथ, राज्य मंत्री कृष्ण पाल मलिक, विधायक रामरतन कुशवाहा सहित इको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड, पर्यटन एवं वन विभाग के अधिकारी, प्रकृति प्रेमी, बर्डिंग विशेषज्ञ और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहेंगे। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इको-टूरिज्म के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और यह फेस्टिवल उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित