कोण्डागांव , मई 08 -- विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में स्थित शासकीय अस्पताल में रेडक्रॉस सोसायटी शाखा द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कोण्डागांव पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल (भा.पु.से.) ने स्वयं रक्तदान कर अभियान की शुरुआत की और अधिकारियों एवं जवानों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। शिविर में कोण्डागांव पुलिस के 14 अधिकारी एवं कर्मचारी तथा आईटीबीपी की 29वीं वाहिनी के छह जवानों सहित कुल 20 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। रक्तदान के उपरांत रेडक्रॉस सोसायटी शाखा कोण्डागांव द्वारा सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि "रक्तदान जीवनदान है। पुलिस बल समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर है और इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग रक्तदान के लिए आगे आएं।"रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों ने कोण्डागांव पुलिस एवं आईटीबीपी के सक्रिय सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।

शिविर को "रक्तदान महादान" के संदेश के साथ संपन्न किया गया, जिसने जिले में सामाजिक सेवा और मानवता की भावना को और सुदृढ़ किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित