लखनऊ , जून 21 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को प्रदेशभर में योग कार्यक्रमों का आयोजन कर योग से निरोग रहने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी में आयोजित कार्यक्रम में योगाभ्यास किया, जबकि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने महाराजगंज में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ योग किया। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भी विभिन्न जनपदों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाला विज्ञान है। उन्होंने कहा कि योग मानसिक संतुलन, आत्मिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने लखनऊ के राजाजीपुरम में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि योग भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि आज विश्व के करोड़ों लोग योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना चुके हैं और यह स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।

पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि विश्व योग दिवस पर भाजपा द्वारा मंडल स्तर तक योग शिविर आयोजित किए गए। इनमें केंद्रीय मंत्रियों, प्रदेश सरकार के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों तथा विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यावसायिक वर्गों के लोगों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ भारत के संकल्प को मजबूत करने का प्रयास किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित