जयपुर , सितंबर 13 -- राजस्थन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान संगठन और सरकार के स्तर पर प्रदेश से लेकर बूथ तक मनाया जाएगा।

श्री राठौड़ ने रविवार को यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इसमें भाजपा के प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता से लेकर सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि अपनी सहभागिता निभाएंगे। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के 25 सालों के सेवा कार्यों को भाजपा जन जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक महीने का राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू कर रही है। 17 सितंबर से शुरू होने वाला अभियान 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। देश में गुजरात मॉडल को विशिष्ठ पहचान दिलाने से लेकर विश्व में भारत की प्रतिष्ठा, गौरव बढ़ाने वाले श्री मोदी के जन्मदिन पर शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित