समस्तीपुर , मार्च 08 -- िश्व महिला दिवस पर बिहार मे पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल में रविवार को एक अनोखी पहल के तहत रेल प्रशासन ने एक दिन के लिए ट्रेन समेत विभिन्न विभागों के संचालन का जिम्मा महिलाओं को सौंप दिया। मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने यहां बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस को यादगार बनाने के लिए समस्तीपुर स्टेशन पर टिकट बुकिंग, कंट्रोल कार्यालय तथा स्टेशन परिसर की स्वच्छता व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का संचालन महिला कर्मचारियों के हाथों सौंपा गया। उन्होंने बताया कि मंडल मुख्यालय स्थित कंट्रोल कार्यालय में कार्यरत महिला कर्मियों ने ट्रेनों के सुरक्षित एवं समयबद्ध संचालन को सुनिश्चित करते हुए अपनी दक्षता और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट परिचय दिया।

श्री मिश्रा ने कहा कि मंडल के स्टेशन परिसर की स्वच्छता व्यवस्था में भी महिला कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि विश्व महिला दिवस के अवसर पर रेल प्रशासन की यह पहल महिला कर्मचारियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और कार्यनिष्ठा को सम्मानित करने के साथ-साथ समाज में लैंगिक समानता तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित