कपूरथला , अप्रैल 27 -- पंजाब के कपूरथला में पुष्पा गुजराल साइंस सिटी की ओर से विश्व बौद्धिक संपदा दिवस के अवसर पर इस वर्ष की थीम ''बौद्धिक संपदा और खेलों की एक नई सोच'' विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया।

यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस दौरान खेल उद्योग में नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए बौद्धिक संपदा अधिकारों के महत्व पर प्रकाश डाला गया। इस मौके पर पंजाब की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के 200 से अधिक विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया।

इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए साइंस सिटी के निदेशक डॉ. राजेश ग्रोवर ने बौद्धिक संपदा अधिकारों के मूल उद्देश्य पर जोर देते हुए कहा कि ये अधिकार युवाओं में नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि बौद्धिक संपदा अधिकार रचनाकारों और शोधकर्ताओं के कार्य को मान्यता और लाभ प्रदान करते हैं, जिससे वे अपनी जीविका कमाने में सक्षम बनते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित