पटना , सितंबर 10 -- िहार अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन प्रोग्राम के अंतर्गत पटना नगर निगम क्षेत्र में शहरी सुविधाओं के विस्तार, व्यवस्थित व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा नगर निगम के राजस्व आधार को मजबूत करने के उद्देश्य से तीन प्रमुख बहुमंजिली कमर्शियल कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाने का प्रस्ताव है। इन परियोजनाओं के लिए विश्व बैंक द्वारा वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

प्रस्तावित परियोजनाओं में आर्य कुमार रोड, खेतान मार्केट तथा एएन कॉलेज पानी टंकी के पास आधुनिक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाने का प्रस्ताव है।

इसी क्रम में विश्व बैंक की प्रतिनिधि ने गुरुवार को एएन कॉलेज पानी टंकी के समीप प्रस्तावित कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा के साथ बैठक की गई।

बैठक में परियोजना के प्रस्तावित स्वरूप, उपलब्ध भूमि, निर्माण की संभावनाओं, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, व्यावसायिक उपयोगिता तथा परियोजना से होने वाले सामाजिक एवं आर्थिक लाभों के संबंध में चर्चा हुई।

एएन कॉलेज पानी टंकी के समीप लगभग तीन एकड़ अतिक्रमणमुक्त नगर निगम भूमि पर प्रस्तावित यह परियोजना पाटलिपुत्र अंचल के लिए एक प्रमुख आधुनिक वाणिज्यिक केंद्र के रूप में विकसित की जाएगी। प्रस्तावित कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में व्यवस्थित दुकानें एवं रिटेल स्पेस, फूड कोर्ट एवं डाइनिंग एरिया, कार्यालय एवं व्यावसायिक गतिविधियों के लिए स्थान तथा पर्याप्त पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

परियोजना के तहत बेसमेंट पार्किंग, लिफ्ट एवं एस्केलेटर, 24x7 पावर बैकअप, सेंट्रलाइज्ड एचवीएसी सिस्टम तथा आधुनिक अग्नि सुरक्षा प्रणाली जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परिसर को पर्यावरण अनुकूल एवं स्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर के अनुरूप विकसित करने का भी प्रस्ताव है। इसके लिए रूफटॉप सोलर पावर प्लांट, रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम एवं सिक्योरिटी सिस्टम, सीसीटीवी , एक्सेस कंट्रोल, लैंडस्केपिंग एवं सार्वजनिक खुले स्थान जैसी व्यवस्थाएं की जाएंगी। इसके साथ ही रैंप, पेविंग एवं दिव्यांगजनों के लिए अनुकूल शौचालय सहित यूनिवर्सल एक्सेससिबिलिटी की सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित