पटना , जून 12 -- िश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सभा कक्ष में बाल श्रम उन्मूलन एवं बाल अधिकारों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिये शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग के विशेष सचिव उपेन्द्र कुमार ने की। कार्यक्रम में संयुक्त सचिव रविन्द्र कुमार सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने बाल श्रम के विरुद्ध सामूहिक रूप से शपथ लेते हुए यह संकल्प लिया कि वे किसी भी रूप में बाल श्रम का समर्थन नहीं करेंगे तथा अपने व्यक्तिगत एवं पेशेवर जीवन में यह सुनिश्चित करेंगे कि 14 वर्ष से कम आयु के किसी भी बच्चे से श्रम कार्य न कराया जाए।
शपथ के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने समाज में बाल श्रम के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मानजनक बचपन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का भी संकल्प लिया।
इस अवसर पर विशेष सचिव श्री उपेन्द्र कुमार ने कहा कि बाल श्रम न केवल बच्चों के अधिकारों का हनन है, बल्कि यह सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी बाधक है। बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण के लिए सरकार, प्रशासन और आम नागरिकों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से बाल श्रम उन्मूलन के प्रति संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित