औरंगाबाद , नवंबर 12 -- बिहार के औरंगाबाद जिले के ऐतिहासिक एवं पौराणिक सूर्यनगरी देव में विश्व प्रसिद्ध चार दिवसीय कार्तिक छठ मेला 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा।
मेले का विधिवत उद्घाटन राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल और पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की मंत्री सह औरंगाबाद जिले की प्रभारी मंत्री रमा निषाद संयुक्त रूप से करेंगे।
मेले को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने बताया कि देव कार्तिक छठ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं और छठव्रतियों की सुविधा के लिए पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र में जगह-जगह दंडाधिकारियों के नेतृत्व में सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
कार्तिक छठ महापर्व को लेकर त्रेतायुगीन सूर्य मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। देव में देश के विभिन्न राज्यों और बिहार के अलग-अलग जिलों से श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। चार दिवसीय यह पवित्र अनुष्ठान नहाय-खाय के साथ प्रारंभ होकर 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न होगा।
धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से देव का विशेष महत्व है। मान्यता है कि यहां कार्तिक और चैत्र माह में छठ व्रत करने से भगवान सूर्य की विशेष कृपा प्राप्त होती है। देव स्थित ऐतिहासिक एवं त्रेतायुगीन पश्चिमाभिमुख सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड समेत देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। देव को देश के प्रमुख सौर तीर्थस्थलों में विशेष स्थान प्राप्त है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित