हरिद्वार , जून 05 -- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हरिद्वार पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए पुलिस लाइन रोशनाबाद परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों ने 200 से अधिक पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

शुक्रवार को साप्ताहिक परेड के उपरांत आयोजित इस कार्यक्रम में एसपी अपराध , एसपी सिटी सहित अन्य राजपत्रित अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर हरित वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया।

एसएसपी सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। वृक्ष न केवल जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें विकसित वृक्ष बनाया जाए।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ एवं हरित वातावरण तथा भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने को लेकर जागरूकता का संदेश भी दिया गया।

वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से हरिद्वार पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए आमजन को भी प्रकृति संरक्षण के लिए आगे आने का संदेश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित