पटना , जून 05 -- िश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सहकारिता विभाग के मंत्री राम कृपाल यादव ने पटना स्थित गांधी मैदान में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया है। श्री यादव ने इस अवसर पर राज्यवासियों से प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि पर्यावरण और मानव जीवन एक-दूसरे के पूरक हैं। जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण एवं प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरणीय संतुलन लगातार प्रभावित हो रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
श्री यादव ने कहा कि जब तक पर्यावरण संरक्षित रहेगा, तब तक मानव जीवन, जैव विविधता तथा पृथ्वी पर जीवन का अस्तित्व सुरक्षित रहेगा। इसलिए प्रकृति के साथ खिलवाड़ बंद करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल व्यवहार अपनाएं, प्लास्टिक के उपयोग को कम करें तथा अधिक से अधिक पेड़ लगाकर हरित आवरण बढ़ाने में सहयोग करें।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए "एक पेड़ मां के नाम" अभियान ने पर्यावरण संरक्षण को भावनात्मक एवं सामाजिक सरोकार से जोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने राज्य के सभी नागरिकों से इस संकल्प को अपनाने तथा अपनी माता के सम्मान में कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित