लखनऊ , जून 04 -- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू होने जा रही है। पांच जून को लखनऊ छावनी स्थित दिलकुशा लॉन में आयोजित "बायोयुग ग्रीन कमांड-2026" कार्यक्रम के माध्यम से बायोप्लास्टिक को बढ़ावा देने के लिए व्यापक अभियान का शुभारंभ किया जाएगा।
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश सरकार हरित अर्थव्यवस्था, जैव ऊर्जा और पर्यावरण अनुकूल उद्योगों को प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उत्तर प्रदेश पहले ही एथेनॉल उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। अब गन्ना आधारित उद्योगों से विकसित हो रही नई तकनीकों और उत्पादों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए बायोप्लास्टिक को बढ़ावा देने की तैयारी की गई है। इसे प्लास्टिक प्रदूषण कम करने और सस्टेनेबल डेवलपमेंट को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड (बीसीएमएल) और लखनऊ कैंटोनमेंट बोर्ड के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है। इसमें नीति निर्धारकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, रक्षा क्षेत्र के अधिकारियों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और पर्यावरण विशेषज्ञों की भागीदारी रहेगी।
आयोजन का उद्देश्य बायोप्लास्टिक के उत्पादन, उपयोग और निवेश की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा करते हुए इसके लिए मजबूत इकोसिस्टम तैयार करना है। कार्यक्रम में दो विशेष पैनल चर्चाएं आयोजित की जाएंगी। पहली चर्चा "मैंडेट टू मार्केट : अनलॉकिंग द बायोप्लास्टिक्स वैल्यू चेन इन उत्तर प्रदेश" विषय पर होगी, जिसमें राज्य में बायोप्लास्टिक उद्योग के विकास, निवेश आकर्षित करने की संभावनाओं और सरकारी सहयोग की भूमिका पर विचार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित