भोपाल , जून 03 -- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भोपाल में 5 जून को 'एनजीटी बार साइकिल रैली 2026' का आयोजन किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण, सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने और शहर को हरित बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली में नागरिकों से बड़ी संख्या में भागीदारी की अपील की गई है।
एनजीटी बार एसोसिएशन, भोपाल द्वारा ग्रीन प्लैनेट बाइसिकल राइडर्स एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित यह रैली राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) भवन, एरिया हिल्स से सुबह 6 बजे प्रारंभ होगी और शाहपुरा लेक गार्डन पर समाप्त होगी। प्रतिभागियों को सुबह 5:45 बजे तक रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
आयोजकों के अनुसार रैली का उद्देश्य पर्यावरण जागरूकता बढ़ाना, प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना तथा साइकिल चलाने जैसी स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम लगभग एक घंटा 20 मिनट का होगा।
रैली के समापन स्थल शाहपुरा लेक गार्डन पर सुबह 7 बजे से प्रतिभागियों के लिए नि:शुल्क पौध वितरण एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गई है। नागरिकों से अपनी साइकिल के साथ रैली में शामिल होने तथा सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनकर आने का आग्रह किया गया है।
एनजीटी बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एडवोकेट प्रशांत हरने ने बताया कि 'पेडल फॉर प्लैनेट- हरित भविष्य के लिए साइकिल चलाएं' संदेश के साथ आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक प्रयासों को मजबूत करेगा। उन्होंने भोपालवासियों से परिवार और मित्रों के साथ रैली में शामिल होकर शहर को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ बनाने के अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित