हाजीपुर , जून 05 -- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने मधु विहार कॉलोनी, दानापुर तथा निर्माणाधीन पाटलिपुत्र कोचिंग कॉम्प्लेक्स परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक अमरेंद्र कुमार, दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार सहित मुख्यालय एवं मंडल के कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, हाजीपुर की अध्यक्षा सुनीता सिंह तथा महिला कल्याण संगठन, दानापुर की अध्यक्षा निशी देव ने भी संगठन की अन्य सदस्याओं के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
पूर्व मध्य रेल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर 15 मई से 5 जून तक पांचों मंडलों में व्यापक जन-जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न स्टेशनों, रेल कॉलोनियों, कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अनेक पर्यावरणीय गतिविधियों का आयोजन किया गया।
अभियान के तहत "एक पेड़ माँ के नाम" पहल को विशेष रूप से बढ़ावा दिया गया। इसके अंतर्गत रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों और परिसरों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस पहल ने हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को भी मजबूत किया है।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए रेलवे स्टेशनों पर पुनः उपयोग योग्य पानी की बोतलों के इस्तेमाल को प्रोत्साहित किया गया। इसके अलावा विभिन्न स्टेशनों और रेलवे कॉलोनियों में गैर-सरकारी संगठनों तथा वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों के सहयोग से नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया।
नुक्कड़ नाटकों और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, पार्कों एवं उद्यानों के रखरखाव तथा रेलवे ट्रैक और परिसरों को स्वच्छ रखने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। पूर्व मध्य रेल ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित