पटना , मई 30 -- विश्व पर्यावरण दिवस (05 जून) के अवसर पर राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभाओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, ठोस एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण तथा जिम्मेदार सामुदायिक व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा।

इस संबंध में बिहार पंचायती राज विभाग द्वारा सभी जिलों के जिला पंचायत राज पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। ग्राम सभाओं में कचरा पृथक्करण, सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग में कमी, जैविक खाद निर्माण तथा स्थानीय स्तर पर स्वच्छता गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया जाएगा। साथ ही सार्वजनिक स्थलों एवं जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने के लिये सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा।

विशेष ग्राम सभा एवं उससे संबंधित गतिविधियों के प्रभावी संचालन, अनुश्रवण एवं समन्वय के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर नोडल पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। नोडल पदाधिकारी कार्यक्रमों के सफल आयोजन, विभिन्न विभागों एवं हितधारकों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा निर्धारित गतिविधियों के क्रियान्वयन की निगरानी सुनिश्चित करेंगे।

विशेष ग्राम सभा के अवसर पर ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, प्रभात फेरी, सामुदायिक बैठकें, स्थानीय घोषणाएं तथा सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) सामग्री के प्रदर्शन जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित