देहरादून , जून 05 -- उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को अपने शासकीय आवास परिसर में फलदार पौधों का रोपण किया।

इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण के लिए पौधारोपण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया और लोगों को फलदार पौधे भी वितरित किए।

श्री जोशी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर हमारी जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि फलदार पौधों का रोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पोषण सुरक्षा और जैव विविधता को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आग्रह किया।

उन्होंने पारिवारिक मूल्यों को प्रकृति संरक्षण से जोड़ते हुए कहा कि परिवार के साथ पौधारोपण करना न केवल पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता भी बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए और धरती को हरा-भरा बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित