मुंबई , सितंबर 23 -- िश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर सोनी सब के कलाकारों ने अपनी पसंदीदा यात्राओं और उनसे जुड़ी खास यादों को साझा किया। तोरल रसपुत्रा, इक़बाल खान, दीक्षा जोशी और सेहज राजपूत ने बचपन की यात्राओं से लेकर दोस्तों और परिवार के साथ बिताए यादगार पलों तक अपने अनुभव बताए।'पुष्पा इम्पॉसिबल' में दीप्ति की भूमिका निभा रहीं दीक्षा जोशी ने अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय यात्रा को याद करते हुए बताया कि वह अपने माता-पिता के साथ एम्स्टर्डम गई थीं। उन्होंने क्यूकेनहॉफ के ट्यूलिप गार्डन की खूबसूरती को याद किया और बताया कि इसी यात्रा के दौरान उन्होंने पहली बार मार्शमेलो खाए थे, जो बाद में उनकी पसंदीदा मिठाइयों में शामिल हो गए।

'हस्तिनापुर के वीर' में कुंती की भूमिका निभा रहीं तोरल रसपुत्रा ने केरल यात्रा को अपनी खास याद बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी जगहों पर जाना पसंद है, जहां बिना किसी व्यस्त कार्यक्रम के आराम और सुकून के साथ समय बिताया जा सके। केरल की हरियाली, शांत वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता ने उनकी इस यात्रा को यादगार बना दिया।

'यादें' में डॉ. देव की भूमिका निभा रहे इक़बाल खान ने न्यूयॉर्क की अपनी यात्राओं को याद किया। उन्होंने शहर की ऊर्जा, मैनहट्टन की जीवंतता और सेंट्रल पार्क की खूबसूरती का जिक्र किया। इक़बाल ने स्थानीय खान-पान की जगहों को तलाशने और न्यूयॉर्क के लोगों की बेबाक बातचीत का आनंद लेने की बात भी कही।

वहीं, 'यादें' में जिया का किरदार निभा रहीं सेहज राजपूत ने हाल की पुदुचेरी यात्रा को याद किया। दोस्तों के साथ हुई इस यात्रा में हंसी-मजाक और अचानक बने कार्यक्रमों के बीच पुदुचेरी के शांत और सुकूनभरे माहौल ने सफर को खास बना दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित