भिवानी , अक्टूबर 09 -- हरियाणा के भिवानी में दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा को मंच देने और खेलों के माध्यम से समावेशी समाज का संदेश देने के उद्देश्य से फिजिकल चैलेंज्ड क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (पीसीसीएआई) की ओर से विश्व दिव्यांग दिवस पर एक से तीन दिसंबर तक भिवानी के आरपीएस खेल मैदान में हरियाणा पैरा टी-20 लीग का आयोजन किया जाएगा।

आईपीएल की तर्ज पर होने वाली इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में आठ टीमें भाग लेंगी। इनमें हरियाणा के साथ अन्य राज्यों के खिलाड़ी भी शामिल होंगे।

पीसीसीएआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र लोहिया ने बताया कि प्रतियोगिता में लगभग 120 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। एसोसिएशन की ओर से खिलाड़ियों के ठहरने, खान-पान और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी, ताकि खिलाड़ी बिना किसी परेशानी के अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

उन्होंने कहा कि शारीरिक बाधाएं कभी भी प्रतिभा और सपनों के आड़े नहीं आ सकतीं। एसोसिएशन दिव्यांग खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

चैंपियनशिप का आयोजन पीसीसीएआई के चेयरमैन एवं विधायक घनश्याम सर्राफ, महासचिव रवि चौहान, कोषाध्यक्ष डॉ. संजय गोयल, हैदराबाद के सुरेंद्र अग्रवाल और राजेश भारद्वाज के मार्गदर्शन में किया जाएगा। प्रतियोगिता के स्वागत अध्यक्ष रमेश सैनी और टीम मैनेजर शुभम शर्मा होंगे।

श्री सुरेंद्र लोहिया ने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास जारी रखने और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय सीरीज में श्रीलंका और अन्य देशों के खिलाफ भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया जा सकता है। इस आयोजन से दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने और भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित