नयी दिल्ली , मार्च 21 -- जल शक्ति मंत्रालय विश्व जल दिवस पर सोमवार को यहां जल सम्मेलन आयोजित करेगा जिसमें जल संरक्षण तथा अन्य मुद्दों पर विचार किया जाएगा।
आधिकारिक सूचना के अनुसार सम्मेलन विश्व जल दिवस पर 23 मार्च को यहां डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित किया जाएगा जिसमें 700 से अधिक प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है।
जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे जिसमें सरकार, उद्योग और शिक्षा जगत के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल होंगे। जल सुरक्षा के मुद्दे पर विभिन्न क्षेत्रों के बीच बढ़ते समन्वय को रेखांकित करने वाला यह सम्मेलन जल के महत्व, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों और सभी के लिए समान जल पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर ध्यान केंद्रित करेगा।
सूचना में बताया गया है कि सम्मेलन में जल उपयोग दक्षता, पुनर्चक्रण और पुन: उपयोग जैसे विषयों पर चर्चा के साथ-साथ उद्योगों की भूमिका को जल उपभोक्ता से जल संरक्षक के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके अलावा, जल शक्ति हैकाथॉन के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा और विभिन्न जल गणनाओं तथा राष्ट्रीय जल डेटा नीति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज जारी किए जाएंगे।
इस दौरान कीचड़ प्रबंधन, एआई आधारित जल निगरानी, हिमनद संरक्षण और जल जनगणना आंकड़ों के उपयोग जैसे मुद्दों पर कार्यशाला आयोजित कर विस्तार से विचार-विमर्श होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित