सुकमा , जुलाई 11 -- विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के सुकमा में महिला एवं बाल विकास विभाग के महिला सशक्तिकरण केंद्र की ओर से शनिवार को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से परिवार नियोजन, महिला स्वास्थ्य, शिक्षा और जनसंख्या नियंत्रण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित रैली में स्कूली विद्यार्थियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें "छोटा परिवार, सुखी परिवार", "बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ" और "जनसंख्या नियंत्रण, खुशहाल जीवन का आधार" जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
महिला सशक्तिकरण केंद्र की जेंडर विशेषज्ञ दीपिका सिंह, वित्तीय साक्षरता एवं समन्वयक विशेषज्ञ प्रदीप मंडल तथा समिला कोर्राम ने कहा कि अनियंत्रित जनसंख्या वृद्धि से प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव बढ़ता है तथा महिलाओं के स्वास्थ्य, बच्चों के पोषण और उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा महिलाओं को परिवार नियोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित