पटना , मार्च 20 -- विश्व गौरैया दिवस के मौके पर राजधानी पटना स्थित संजय गांधी जैविक उद्यान में पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री प्रमोद कुमार ने लोगों से अपने जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की अपील की है।

मंत्री ने प्राकृतिक शैक्षणिक लाइब्रेरी का अवलोकन किया, जहां गौरैया से संबंधित तस्वीरें, पेंटिंग, घोंसले और विभिन्न कलाकृतियां प्रदर्शित की गई थीं। उन्होंने इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि "वसुदैव कुटुंबकम" की भावना हमें यह सिखाती है कि इस धरती पर हर जीव का समान अधिकार है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि तेजी से बढ़ते विकास के बीच पक्षी और वन्यजीवों का अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है, जिसे बचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी गौरैया संरक्षण का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर संजय गांधी जैविक उद्यान के 3डी थिएटर में पटना जू के मोबाइल ऐप और नई वेबसाइट का भी लोकार्पण किया गया। साथ ही 'जू गाइड फैसिलिटी' की शुरुआत की गई, जिससे पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सकेगा।

जू निदेशक हेमंत पाटिल ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से आगंतुकों को उद्यान में नेविगेशन की सुविधा, पशु-पक्षियों और वनस्पतियों की विस्तृत जानकारी, टिकट बुकिंग, फीडबैक और कंट्रोल रूम से संपर्क जैसी सुविधाएं मिलेंगी। यह पहल डिजिटल माध्यम से पर्यटकों को अधिक सुलभ और सुविधाजनक अनुभव प्रदान करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित