पटना , सितंबर 22 -- िश्व अल्जाइमर दिवस के अवसर पर अल्जाइमर रोग और स्मृतिभ्रंश के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा इनके उपचार से जुड़ी नवीनतम चिकित्सा जानकारी साझा करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)पटना के स्नायु रोग विभाग की ओर से सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

एम्स पटना के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय 'अल्जाइमर और स्मृतिभ्रंश : जागरूकता, प्रगति और आशा' था।

कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को अल्जाइमर रोग तथा स्मृतिभ्रंश की समय पर पहचान, उचित जांच, आधुनिक उपचार, पुनर्वास और विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं के समन्वित उपचार से जुड़ी नवीनतम जानकारी उपलब्ध कराना था।

एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य संरक्षक रहे। इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान, पटना के पूर्व निदेशक प्रो. (डॉ.) ए. के. सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

एम्स पटना के विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और संकाय सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।कार्यक्रम का आयोजन डॉ. आनंद कुमार राय, सह प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष, स्नायु रोग विभाग, एम्स पटना के नेतृत्व में किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित