भरतपुर , सितम्बर 30 -- राजस्थान के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं राजपरिवार के मुखिया विश्वेंद्र सिंह ने नगर निकाय चुनावों के नतीजों को लेकर भरतपुर एवं डीग जिलों के कांग्रेस जिलाध्यक्षों को आड़े हाथों लेते हुए पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष पर जमकर निशाना साधा है।
श्री सिंह ने सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में भरतपुर और डीग जिले में कांग्रेस की स्थिति को लेकर सवाल उठाये और दोनों जिलाध्यक्षों दिनेश सूपा (भरतपुर) और राजीव चौधरी (डीग) पर अपने चहेतों को टिकट देकर वास्तविक कार्यकर्ताओं को दरकिनार करने का आरोप लगाया।
श्री सिंह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर भी आरोप लगाया कि वे दोनों जिलाध्यक्षों को बचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का गृह जिला होने के कारण भरतपुर में कांग्रेस को मजबूत स्थिति में होना चाहिए था, लेकिन पार्टी नेतृत्व की वजह से कांग्रेस यहां कमजोर हुई है।
उन्होंने प्रदेश नेतृत्व से स्थिति पर ध्यान देने की मांग करते हुए कहा कि जब तक दोनों जिलाध्यक्ष अपने पद पर हैं, तब तक इन दोनों जिलों में मजबूती के साथ कांग्रेस का उठ खड़ा होना मुश्किल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित