नयी दिल्ली , जुलाई 30 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद के दोनों सदनों में लोक परीक्षा संशोधन विधेयक पारित होने के बाद गुरुवार को कहा कि सरकार देश में विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए लगातार कदम उठा रही है और पेपर लीक माफिया तथा विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
श्री मोदी ने देर रात सोशल मीडिया पर सेल्फी वीडियो प्रारूप में जारी संदेश में कहा कि विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली विकसित करने के लिए परीक्षा व्यवस्था में सुधार, फास्ट ट्रैक व्यवस्था तथा राज्यों के सुझावों को शामिल करने जैसे कई कदम उठाये जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि "पिछले कई दशकों से हर राज्य और केंद्र सरकार इस प्रकार की पेपर लीक की समस्या झेल रही है। इसके कारण बच्चों के भविष्य पर भी संकट पैदा हो रहा है। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए, पूरे देश में शिक्षा व्यवस्था में सुधार अनिवार्य हो गया है। तकनीक का भरपूर उपयोग भी आवश्यक हो गया है।"श्री मोदी ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पेपर माफिया, पेपर लीक गिरोह अथवा देश के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाला व्यक्ति कानून से बच न सके। उन्होंने कहा कि इसके लिए कठोर कानून की आवश्यकता थी और सरकार इसी उद्देश्य से संशोधन विधेयक संसद में लेकर आई।
उन्होंने कहा कि जैसा उन्होंने देशवासियों से वादा किया था, पिछले दो दिनों में संसद के दोनों सदनों में इस विधेयक पर विस्तार से चर्चा हुई और अधिकांश सांसदों ने इसमें भाग लेकर अपने विचार रखे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित