दरभंगा , अक्टूबर 27 -- िहार के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति सह बिहार के राज्यपाल सचिवालय ने राज्य के विश्वविद्यालयों में नीतिगत निर्णय लेने को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह के हस्ताक्षर से जारी पत्र में 6 विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को निर्देश दिया गया है कि उनका कार्यकाल निकट भविष्य में समाप्त होने की स्थिति में विश्वविद्यालय में किसी भी प्रकार के नीतिगत निर्णय, नियुक्ति अथवा स्थानांतरण संबंधी कार्रवाई नहीं की जाए।पत्र में कहा गया है कि विश्वविद्यालयों में नई योजनाओं एवं अन्य ऐसे कार्यों से संबंधित निर्णय भी नहीं लिए जाएं, जिनमें वित्तीय दायित्व का निर्धारण अथवा निर्वह्न करना हो। यह निर्देश ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा, बी आर ए बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर, भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा, जयप्रकाश विश्वविद्यालय छपरा, कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय दरभंगा एवं आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय पटना, बिहार के कुलपतियों को भेजा गया है।

राज्यपाल सचिवालय ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी विशेष परिस्थिति में नीतिगत अथवा वित्तीय निर्णय लेना आवश्यक हो, तो इसके लिए राज्यपाल सह कुलाधिपति से पूर्वानुमति प्राप्त करने के बाद ही कार्रवाई की जाए।

पत्र के माध्यम से संबंधित कुलपतियों से उक्त निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है। इसकी प्रतिलिपि आवश्यक कार्रवाई के लिए बिहार के उच्च शिक्षा विभाग के सचिव तथा संबंधित विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों को भी भेजी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित